कान्हूपुर माइनर के कटने से सदरुद्दीनपुर के कई किसानों की 50 बीघा फसल बर्बाद हो गई है। सूचना के बाद भी सिंचाई विभाग का कोई कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। जिससे नहर का पानी लगातार खेतों में भर रहा है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नहर कटने की जानकारी से इंकार किया है।
शुक्रवार की सुबह कान्हूपुर माइनर की पटरी करीब एक मीटर कटने से सदरुद्दीनपुर गांव समीप किसानों के खेतों में पानी भर गया। इस पानी से गांव के रामआधार, छोटेलाल, भागीरथ, संतलाल, शिवबरन, संतराम, रामप्रकाश, रामभजन, सुदर, तेजनरायन, कंचन, उदयराज आदि किसानों की 50 बीघा से अधिक गेहूं, सरसों की फसल जलमग्न हो गई है।
इन किसानों ने बताया कि नहर का पानी सीधा खेतों में पहुंचने से बोई गई फसल बर्बाद हो रही है तथा सूचना के बाद भी सिंचाई विभाग से कोई कर्मचारी मौके पर नहर की खांदी को ठीक कराने नहीं पहुंचा है।
विभाग की लापरवाही से फसल को बर्बाद होता देखकर किसानों में काफी आक्रोश है। शारदा सहायक खंड 28 के अधिशाषी अभियंता संजय मिश्र ने कहा कि नहर कटने की जानकारी नहीं है, पता करा कर पटरी दुरुस्त कराने की कार्यवाई जाएगी।