बाराबंकी। बंदियों व उनके परिजनों की सुविधा के लिए जिला जेल में मुलाकात घर का निर्माण कराया जाएगा। इससे मुलाकात के वक्त बंदियों व उनके परिजनों को बरसात व धूप से राहत मिल सकेगी। कार्यदाई संस्था भी तय हो गई है। फिलहाल इसके निर्माण के लिए करीब 35 लाख रुपये मिल गए हैं।
जिला जेल में मौजूदा समय में करीब 1700 बंदी निरुद्घ हैं। सप्ताह में एक दिन छोड़कर बाकी सभी दिन बंदियों से मिलने के लिए उनके परिजन रोस्टर के अनुसार आते हैं। रोजाना करीब 150 से 200 बंदियों के परिजनों की आमद होती है। वर्तमान में जेल परिसर में घुुसते ही खाली पड़े मैदान में मुलाकात कराई जाती है।
मुलाकात के समय बैठने व धूप व बरसात से बचने के कोई इंतजाम नहीं है। कई बार ऐसा हुआ कि मुलाकात के समय बरसात हुई और दिक्कतें हो गईं। इसी को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन ने सर्वे करवाकर मुलाकात घर के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था जिस पर मुुहर लग गई। मुलाकात घर का निर्माण उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा कराया जाएगा। इसके लिए फिलहाल 34 लाख 67 हजार रुपये मिल गए हैं। जेलर आलोक कुमार शुक्ला ने बताया कि इससे मुलाकातियों को बहुत राहत मिलेगी।
जेल में ही 1.25 करोड़ से बनेंगे छह आवास
जिला जेल परिसर में एक करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से टाइप-2 के छह आवासों का निर्माण भी कराया जाएगा। इसकी स्वीकृति भी मिल गई है। इन आवासों का निर्माण उप्र विधायन एवं निर्माण सहकारी संघ द्वारा कराया जाएगा। जेलर आलोक कुमार शुक्ला ने बताया कि जल्द ही निर्माण शुरु होगा।