बाराबंकी। सावन माह में कांवड़ यात्रा और संभावित भीड़ के मद्देनजर जिले के औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। शनिवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर औषधि निरीक्षक रजिया बानो ने कावंड मार्ग पर पड़ने वाले 16 मेडिकल स्टोरों की जांच की। चेतावनी दी कि प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री होती मिलने पर सीधे बिक्री लाइसेंस निरस्त करने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
औषधि निरीक्षक नियमित रूप से कांवड़ मार्ग पर स्थित विभिन्न दवा दुकानों का औचक निरीक्षण कर रही हैं। शनिवार को महादेवा जाने वाले मार्ग के अंतर्गत कई मेडिकल स्टोर की जांच हुई। इनमें गौतम मेडिकल स्टोर, वीडी वर्मा मेडिकल, सौरभ मेडिकल, तिवारी मेडिकल, बीके मेडिकल, लक्ष्मी मेडिकल, प्रतिभा मेडिकल स्टोर सहित 16 मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। निरीक्षक ने इन सभी प्रतिष्ठानों पर दस्तावेज और औषधियों की उपलब्धता जांची। मेडिकल स्टोर संचालकों को श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क स्टॉल लगवाने के निर्देश देते हुए प्रतिष्ठान पर सभी प्रकार की जीवन रक्षक दवाएं अवश्य उपलब्ध रहें। (संवाद)