सीएचसी सतरिख क्षेत्र के भगवानपुर व शेखनापुरवा गांवों में बीते तीन से खसरे का प्रकोप है। जिसकी चपेट में आकर अब तक 24 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं। शिकायत के बाद भी गांव को कोई स्वास्थ्य कर्मचारी नहीं पहुुचा है जिससे सभी मरीज निजी चिकित्सकों के यहां उपचार कराने को मजबूर हैं।
भगवानपुर व शेखनापुर निवासी गुडिया, प्रमोद वर्मा, अमन, मनेजर, गजराज, वृजेश, रामविलास, नितिन, नित्या समेत करीब दो दर्जन से अधिक लोग खसरे की चपेट में आकर बीमार हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक आशुतोष श्रीवास्तव को सूचना दी गई थी।
लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी गांव को स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची। जिससे खसरा पीड़ितों को उपचार के लिए निजी चिकित्सकों के यहां भर्ती कराया गया है। गांव में संक्रमण रोग फैलने से दिन ब दिन खसरा पीड़िताें की संख्या बढ़ती जा रही है।