बाराबंकी। एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने मौके की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक सुबेहा थाना क्षेत्र के थलवारा गांव निवासी चंद्रगुप्त मौर्या की पत्नी लक्ष्मी (24) का शव मकान के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मंगलवार रात को परिवारीजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रायबरेली के बछरावां के धानखेड़ा गांव निवासी रामेश्वर की पुत्री लक्ष्मी का विवाह चार साल पहले थलवारा के चंद्रगुप्त से हुआ था। घटना की जानकारी पर पहुंचे पिता ने विवाह के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर लक्ष्मी को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने हत्या कर घटना को छिपाने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटकाया है।
शिकायत पर पुलिस पति चंद्रगुप्त, ससुर रामलखन, सास व देवर समेत पांच के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक गंगेश शुक्ल ने बताया पिता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत का कारण पता चलने पर कार्रवाई की जाएगी।