फतेहपुर (बाराबंकी)। संदिग्ध हालात में तीन दिन से लापता विवाहिता की हत्या कर शव लापता करने का आरोप लगाते हुए पिता ने एसपी से शिकायत की। इसके बाद फतेहपुर पुलिस ने महिला की अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के भदनेवा मजरे संदुपुर गांव का है। यहां के निवासी रीतेश वर्मा की पत्नी संजू 16 मई को संदिग्ध हालात में लापता हो गई। दूसरे दिन गांव के बाहर तालाब के पास उसके चप्पल व कपड़े पड़े मिले थे। इस पर महिला के तालाब में डूबने की आशंका को लेकर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश कराई लेकिन उसका पता नहीं चला।
इसकी जानकारी होने पर बृहस्पतिवार को विवाहिता के पिता दिनेश कुमार ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसकी बेटी 16 मई को ही मायके से ससुुराल गई थी। उसके बाद ससुरालीजनों ने उसकी हत्या कर लापता कर दिया। इसके बाद दिनेश थाने पहुंचा तो पुलिस ने एसपी के आदेश पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि लापता महिला के पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर महिला की तलाश की जा रही है।