जिला अस्पताल में सोमवार को कतार में खड़े मरीज व तीमारदार। -संवाद
बाराबंकी। मौसम में आए बदलाव का असर सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में देखने को मिला। इस दौरान सबसे ज्यादा मरीज सर्दी, जुकाम और बुखार के रहे। इसके अलावा सांस और खांसी के मरीज भी इलाज के लिए पहुंचे। समय अधिक हो जाने की वजह से कई मरीजों को बिना जांच कराए ही लौटना पड़ा।
जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को करीब 1526 मरीज देखे गए। मौसम में आए बदलाव की वजह से अस्पताल में मरीजों की संख्या ज्यादा रही। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि ओपीडी में सर्दी, जुकाम व बुखार के अलावा खांसी और सांस के मरीज भी इलाज के लिए पहुंचे।
भीड़ अधिक होने की वजह से मरीजों को डॉक्टर को दिखाने और दवाई लेने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। साढ़े 11 बजे के बाद जांच कराने पहुंचे कई मरीजों को समय निकल गया है कहकर वापस भेज दिया गया। इससे अब मरीजों को निजी पैथालॉजी में जांच करानी पड़ेगी।