बाराबंकी। अमृत भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे युवक की ट्रेन के दरवाजे से सिर बाहर निकालने के दौरान रेलवे के खंभे से टकराने से मौत हो गई। हादसे में युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना शनिवार शाम करीब 7:45 बजे रामनगर क्षेत्र के बुढ़वल रेलवे स्टेशन के पास हुई।
जीआरपी के अनुसार मृतक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण मोतिहारी जिले के पकड़ी दयाल थाना क्षेत्र के सिसहनी बाजार निवासी अवनीश कुमार के रूप में हुई है। वह ट्रेन संख्या 15567 अमृत भारत एक्सप्रेस से मोतिहारी से आनंद विहार दिल्ली जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सफर के दौरान युवक ने गुटखा खाया और उसे थूकने के लिए ट्रेन के दरवाजे से सिर बाहर निकाला। इसी दौरान रेलवे लाइन के किनारे लगे खंभे से उनका सिर टकरा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी बुढ़वल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। जीआरपी प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि चलती ट्रेन में कभी भी खिड़की या दरवाजे से शरीर का कोई भी हिस्सा बाहर न निकालें।