बाराबंकी। आगामी पंचायत चुनाव व त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए एएसपी उत्तरी ने रविवार को पुलिस लाइन में चौकी प्रभारियों के साथ बैठक की। उन्होंने चौकी प्रभारियों को दिशा-निर्देश दिया।
एएसपी उत्तरी आरएस गौतम द्वारा आगामी पंचायत चुनाव के दृष्टिगत उत्तरी क्षेत्र के समस्त चौकी प्रभारियों की बैठक आयोजित की गयी। इस दौरान समस्त चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पड़ने वाले समस्त भूमि विवादों को चिह्नित कर यथोचित कार्यवाही करने, मतदान स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर चुनाव से संबंधित 32 बिंदुओं के रजिस्टर को तैयार करने के निर्देश दिए गए।
एएसपी ने संत रविदास जयंती, महाशिवरात्रि और होली पर्व के दृष्टिगत पूर्व के विवादों को चिह्नित कर कार्यवाही करने एवं किसी गैर परंपरागत और बिना अनुमति के कार्यक्रमों के संबंध में उचित वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। एएसपी ने कहा कि एसपी के निर्देश के तहत सभी चौकी इंचार्ज अपने थाने के आरक्षियों की बीट बुक को चेक करने एवं दंगा रोधी उपकरण और शस्त्र को खोलने, बंद करने और उनकी साफ-सफाई कराने आदि का काम कर लें।