रानीबाजार (बाराबंकी)। विकास खंड क्षेत्र रामनगर के ग्राम दल सरायं में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह के निरीक्षण के बाद तहसील प्रशासन ने रविवार को अवैध कब्जों को हटवाया। इसको लेकर हड़कंप मचा रहा। कब्जे से खाली हुई भूमि पर जल्द ही पटेल पार्क का निर्माण कराया जाने की तैयारी है।
क्षेत्रीय विधायक शरद अवस्थी द्वारा दल सरायं गांव में पटेल पार्क का निर्माण कराने की मंशा जाहिर करते हुुए प्रस्ताव तैयार कराया गया था लेकिन इस भूमि पर काफी अतिक्रमण फैला हुआ था। शनिवार को डीएम ने निरीक्षण के दौरान इस भूमि पर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश तहसील प्रशासन को दिए थे।
इसके बाद रविवार को राजस्व कर्मियों ने उक्त भूमि पर लगी सरसों की फसल नाप कर काश्तकारों से कटवा कर उसे खाली करवाया। अब इस भूमि पर जल्द ही प्रस्तावित पटेल पार्क का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
निर्वतमान ग्राम प्रधान राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस पार्क के निर्माण के लिए जमीन जिलाधिकारी द्वारा देखी गई थी जोे तहसील प्रशासन द्वारा खाली करा दी गई है। वहीं तहसीलदार रामदेव निषाद ने बताया कि भूमि पर फैले अतिक्रमण को हटाया गया है। इस पर पटेल पार्क का निर्माण होना प्रस्तावित है।