फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki Accident News: ट्रक से भिड़ी डबल डेकर बस, 15 की मौत, 32 घायल, पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

Thu, 07 Oct 2021 07:24 PM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला नेटवर्क, बाराबंकी

सार

कुर्सी रोड की तरफ से अयोध्या रोड की तरफ आ रही बस और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें बस में सवार कई लोग मारे गए।
विज्ञापन
दुर्घटनाग्रस्त बस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बाराबंकी में देवा कोतवाली क्षेत्र से निकले किसान पथ आउटर रिंग रोड पर बृहस्पतिवार की भोर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक व सवारियों से भरी निजी डबल डेकर बस के टकराने से जहां 15 यात्रियों की मौत हो गई वहीं 32 यात्री घायल हो गये। इनमें से 11 की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ भेज दिया गया। मृतकों में एक बाराबंकी बाकी गोंडा व बहराइच के निवासी हैं। एक घायल व एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो लाख व घायलों को 50 हजार मुआवजे का एलान किया है।

विज्ञापन


किसान पथ आउटर रिंग रोड पर बबुरी गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे बाराबंकी आ रही बस अचानक एक मवेशी आने से अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई चीख-पुकार सुनकर पास के गांव वाले मदद के लिए दौड़े। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने क्रेन व गैस कटर की मदद से बस से घायलों व मृतकों को बाहर निकलवाना शुरू किया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जिनमें 12 लोगों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया जबकि 14 लोगों की मौत हो गई। एक यात्री ने ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया।

ट्रक और बस की भिड़ंत में बस का एक  हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। चारों तरफ चीख-पुकार से किसान पथ का सन्नाटा टूटने लगा। बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी। जबकि ट्रक बालू लादकर विपरीत दिशा से आ रहा था। प्रशासन का दावा है कि बस में 50-55 यात्री थे लेकिन स्थानीय लोग इनकी संख्या 60 से 70 बता रहे हैं। घायलों में गोंडा, बहराइच और बाराबंकी के लोग शामिल हैं। मृतकों में बस का खलासी भी शामिल है। जबकि ट्रक व बस के चालक के बारे में कुछ पता नहीं लग सका है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। सभी मृतकों के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
विज्ञापन


आईजी समेत डीएम व एसपी ने जाना पीड़ितों का हाल
हादसे के बाद डीएम डॉ आदर्श सिंह, एसपी यमुना प्रसाद, एएसपी डॉ. अवधेश सिंह, सीओ सिटी सीमा यादव समेत तमाम पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की मदद की। कप्तान ने अस्पताल में घायल बच्चों को खुद गोद में उठाकर अंदर पहुंचाया। वहीं आईजी अयोध्या रेंज डॉ. संजीव गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना व उनकी हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया।




छह थानों की पुलिस ने किया पंचनामा
हादसे में मृतकों के शव का पंचनामा भरने के लिए छह थानों शहर कोतवाली, देवा, जैदपुर, मसौली, सफदरगंज व सतरिख की पुलिस लगातार मुस्तैद रही। इन थानों से करीब बीस दरोगाओं व प्रभारियों को इस काम के लिए लगाया गया था। इसके अलावा एसडीएम सदर सुमित यादव व नायब तहसीलदार केपी सिंह भी लगातार सक्रिय रहे। वहीं पांच डॉक्टरों के पैनल की टीम ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।

घर तक भेजे जा रहे मृतकों के शव
जिला प्रशासन द्वारा हादसे के बाद मृतकों के शव को उनके घर तक भेजने का प्रबंध किया गया है। वहीं समस्त घायलों को भी घर तक भेजने के लिए वाहनों का इंतजाम किया जा रहा है। हादसे की सूचना पर मर्च्युरी पर मृतकों के परिजनों की भीड़ लगी रही।

देवा इलाके के बबुरीगांव के पास एक बस व ट्रक में भिड़ंत हुई है। इनमें 11 घायल ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किए गए है। चार घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि 14 घायल उपचार कराने के बाद घर चले गए हैं। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की जान चली गई है। हादसे में कुल 26 घायल हैं। पुलिस ने एक टोल फ्री नंबर 9454417464 जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क करके घायल व मृतकों के बारे में जानकारी ली जा सकती है। पुलिस मामले में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई कर रही है।
-यमुना प्रसाद, एसपी

देवा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है और 26 घायल हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। सीएम कार्यालय के निर्देशानुसार, मृतकों के घर वालों को दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
-डॉ. आदर्श सिंह, डीएम

Trending Videos
विज्ञापन

शिनाख्त किए गये मृतकों के नाम पता

1- सलाउद्दीन पुत्र रियाजुद्दीन निवासी उपथी उद्दीपट्टी थाना जरवलरोड जिला बहराइच, उम्र 37 वर्ष
2- अनीसुर्रहमान पुुत्र अब्दुल रहमान निवासी उपथी उद्दीपट्टी थाना जरवलरोड जिला बहराइच, उम्र 45 वर्ष
3- रमन पुत्र वीरेंद्र निवासी ग्राम जगतापुर थाना कटराबाजार जिला गोण्डा, उम्र 22 वर्ष
4- विनोद कुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी कोचा कासिमपुर थाना करनैलगंज जिला गोण्डा, उम्र 32 वर्ष
5- दृगपाल पुुत्र रामसेवक निवासी नाजिरगंज थाना जरवलरोड जिला बहराइच, उम्र 19 वर्ष
6- अब्दुल रहमान पुत्र निजामुद्दीन निवासी आलापुर थाना कोतवाली नगर जिला बाराबंकी, उम्र 42 वर्ष
7- कदीर पुत्र मो. इदरीश निवासी ग्राम उपथी उद्दीपट्टी थाना जरवल रोड जिला बहराइच, उम्र 49 वर्ष
8- द्वारिका प्रसाद पुत्र तिलक राम निवासी हसनामुलई थाना केसरगंज जिला बहराइच, (बस का खलासी)
9- नूर अली पुत्र बदलू ग्राम रूद्दलपुरवा थाना कटरा बाजार जिला गोण्डा, उम्र-32
10- सायबा बेगम पत्नी मेराज अहमद निवासिनी पहाड़ापुर थाना फखरपुर जिला बहराइच, उम्र 25 वर्ष
11- जारा पुत्री मेराज अहमद निवासिनी पहाड़ापुर थाना फखरपुर जिला बहराइच, उम्र 2 वर्ष
12- अजय कुमार पुत्र भारत निवासी जयसिंहपुर थाना केसरगंज जिला बहराइच, उम्र 12 वर्ष
13- याशमीन पुत्री इन्वन निवासी नंदीपुर थाना केसरगंज जिला बहराइच, उम्र 28 वर्ष
14- राजू पुत्र रामनरेश निवासी जयसिंहपुर थाना केसरगंज जिला बहराइच, उम्र 15 वर्ष
15- एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें