माती (बाराबंकी)। किसान पथ पर बाइक सवार तीन बदमाश तमंचा दिखाकर एक बाइक लूट कर फरार हो गए। दिनदहाड़े देवा कोतवाली क्षेत्र के जरुआ पुल के पास हुई वारदात से दहशत फैल गई। पुलिस वारदात को फर्जी बताकर मुकदमा दर्ज करने से इन्कार कर रही है।
कुर्सी थाना क्षेत्र के अनवारी निवासी मनीष गुप्ता गुरुवार दोपहर बाइक से बरेठी बाजार जा रहा था। माती चौकी क्षेत्र में किसान पथ हाईवे पर जरुआ पुल के पास माती की तरफ से आ रहे तीन बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने मनीष की बाइक की चाबी खींच ली। उसके बाद उसका मोबाइल छीनने लगे। इस पर मनीष ने मोबाइल पुल के नीचे फेंक दिया। इस पर आक्रोशित बदमाशों ने तमंचा निकालकर मनीष पर तान दिया। तमंचा देख मनीष सहम गया।
इसके बाद बदमाश मनीष की बाइक लूट कर माती की ओर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद मनीष पुल के नीचे उतरा और अपने मोबाइल से डायल 112 पर फोन कर लूट की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद डायल 112 पुलिस व माती चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। हालांकि इस संबंध में मनीष ने देवा कोतवाली में वारदात की तहरीर दे दी है। मगर, पुलिस मामले को फर्जी बताकर मुकदमा दर्ज करने से कतरा रही है।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि लूट की सूचना मिली थी। मौके पर चौकी इंचार्ज माती को भेजा गया था। मामला फर्जी पाया गया है। इसलिए कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।