पल्हरी-जैदपुर मार्ग पर टैंपो संचालन बंद कराने से आक्रोशित टैंपो चालकों ने हंगामा करते हुए बृहस्पतिवार को एआरटीओ दफ्तर में ताला जड़कर तीन घंटे प्रदर्शन किया। उसके बाद एआरटीओ प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर संचालन शुरू कराने की मांग की। चालकों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर टैंपो नहीं चलेंगे तो निजी बसों को भी नहीं चलने दिया जाएगा।
निजी ट्रांसपोर्ट की बसों को लाभ पहुंचाने के लिए पल्हरी जैदपुर मार्ग पर चलने वाले टैंपो पर बुधवार को रोक लगा दी गई। जिससे आक्रोशित टैंपो चालक गुरुवार को जनहित एकता संगठन के बैनर तले देवा तिराहे पर सुबह 9 बजे एकत्र हुए। पुलिस, एआरटीओ व कर्मचारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। पैदल मार्च करते हुए शहर के सैकड़ों टैंपो चालक टैंपो लेकर एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर हंगामा करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।
आक्रोशित चालकों ने अकबर शाह की अगुवाई में एआरटीओ कार्यालय में 10 बजे ताला जड़ गेट पर नारेबाजी करने लगे। तीन घंटे तक तालाबंद होने से अंदर बैठे अधिकारी हलाकान हो उठे। धरने को संबोधित करते हुए अकबर शाह ने कहा कि शहर के ख्वाजा ट्रांसपोर्ट की बसों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्यालय में तैनात बाबुओं की मिली भगत से टैंपो का संचालन बंद करा दिया जिससे चालकों को परिवार चलाना दूभर हो गया है।
वार्ता करने की बात पर चालकों ने ताला खोल एआरटीओ प्रशासन पंकज सिंह को ज्ञापन सौंपकर संचालन की मांग की। धरने में सैदू, वकार, जावेद, जकी, रंजीत, प्रदीप, अनिल, संजय आदि चालक मौजूद रहे। सुबह 10 बजे से एक बजे तक एआरटीओ कार्यालय में ताला लगने से लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन समेत अन्य कार्य के लिए आने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग मामला बढ़ता देख वापस लौट गए। अंदर बैठे अधिकारियों ने सुरक्षा के तौर पर कोतवाली पुलिस को सूचना देकर बुला लिया।