फतेहपुर (बाराबंकी)। प्रदेश सरकार द्वारा भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की सख्ती के बाद भी कुछ अधिकारी व कर्मचारी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जिले मेें आया है। कई दिन से सोशल मीडिया पर एक लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था।
यह वीडियो प्रशासन के अधिकारियों तक पहुंचा तो डीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट ली। उसके बाद लेखपाल को तत्काल निलंबित कर फतेहपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। इतना ही नहीं लेखपाल की विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई।
फतेहपुर तहसील के गौरागजनी सर्किल के लेखपाल साकेत रावत का रुपये के लेनदेन का वीडियो कई दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। इसकी जानकारी अफसरों को हुई तो हड़कंप मच गया। डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने पूरे मामले की रिपोर्ट एसडीएम फतेहपुर सचिन वर्मा से ली। उसके बाद एसडीएम को लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए।
इतना ही नहीं डीएम ने एक प्रेस नोट साझा करते हुए बताया कि रुपये के लेन-देन करते वीडियो वायरल होने के मामले में लेखपाल साकेत रावत को निलंबित कर दिया गया है। वहीं राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर फतेहपुर कोतवाली में आरोपी लेखपाल पर रिश्वत लेने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इस पर जांच भी शुरू करा दी गई।