बाराबंकी। कोल्ड स्टोरेज में आलू की फर्जी बुकिंग भूमिहीन भी करा रहे हैं। इस बात का खुलासा रविवार को डीएम शशांक त्रिपाठी द्वारा कराई गई जांच में हुआ। सफदरगंज कोल्ड स्टोरेज में फर्जी एडवांस बुकिंग सामने आई। इस पर डीएम ने कोल्ड स्टोरेज के संचालक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एडवांस बुकिंग की शिकायत पर डीएम ने तहसील नवाबगंज के एसडीएम न्यायिक विवेकशील व उद्यान अधिकारी धीरेंद्र सिंह की संयुक्त टीम से जांच कराई। 200 किसानों की बुकिंग की जांच में पता चला कि कुछ भूमिहीन लोग भी तीन हजार बोरी तक आलू भंडारण की बुकिंग करा रहे हैं।
किसानों व अपने रिश्तेदारों के नाम पर व्यापारियों की बुकिंग कराने, 10 से 15 प्रतिशत कृत्रिम अभाव दिखाकर किसानोें को आलू भंडारण से वंचित करने की कोशिश की बात भी सामने आई। डीएम ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज अधिनियम के तहत सफदरगंज कोल्ड स्टोरेज के संचालन से जुड़े लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बताया कि अन्य कोल्ड स्टोरेज की भी जांच के लिए एक विशेष जांच टीम गठित की गई है। टीम में जिला उद्यान अधिकारी, बिजली विभाग के अधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारी व बाटमाप निरीक्षक शामिल हैं। यह टीम एक हफ्ते में निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
आलू भंडारण की क्षमता बढ़ी
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जिले में 65 कोल्ड स्टोरेज हो गए हैं जिनकी भंडारण क्षमता सात लाख 24 हजार मीट्रिक टन है। पिछले वर्ष 20 प्रतिशत कम भंडारण हुआ था। भंडारण क्षमता बढ़ने से किसानों को सुविधा होगी।