बाराबंकी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नामांकन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। जिलाधिकारी न्यायालय में होने वाले नामांकन को लेकर पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को चार सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर पर एक मजिस्ट्रेट और एक सीओ स्तर के पुुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है।
यह अधिकारी मतगणना तक अपनी जिम्मेदारियों को संभालेंगे। नामांकन सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगा। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जिले की सबसे बड़ी पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से जरूरी सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं है। नामांकन सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक कलेक्ट्रेट के जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में दाखिल होंगे। नामांकन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट को चार सेक्टरों में बांटा गया है।
प्रत्येक सेक्टर पर एक-एक मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारियों को सेक्टर पुलिस अधिकारी के रुप में तैनात किया गया है। जो मतदान के साथ मतगणना तक के निर्वाचन कार्य को पूरी जिम्मेदारी के साथ संपंन कराएंगे। वहीं शनिवार को ही अपराह्न तीन बजे के बाद कार्य समाप्ति तक दाखिल होने वाले नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जबकि 29 जून को नाम वापसी तो 3 जुलाई को मतदान के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
सेक्टरवार तैनात मजिस्ट्रेट व सीओ
सेक्टर-1- कचहरी परिसर के बाहर चारों तरफ पार्किंग स्थल तक एसडीएम राजीव शुक्ला व सीओ दिनेश दुबे।
सेक्टर-2- डीएम न्यायालय सहित संपूर्ण कचहरी परिसर में एसडीएम पंकज सिंह, सीओ योगेंद्र सिंह।
सेक्टर-3- कोषागार गेट के आसपास के क्षेत्र में एसडीएम अभय पांडेय, सीओ सीमा यादव।
सेेक्टर-4- एसपी कार्यालय की ओर से कलेक्ट्रेट गेट नंबर चार तक एसडीएम अखिलेश सिंह, सीओ रामसूरत सोनकर।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नामांकन से लेकर मतगणना तक निर्वाचन कार्य को शांतिपूर्ण तरीके से संपंन कराने के लिए डीएम द्वारा चार सेक्टर मजिस्ट्रेट और चार पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। अन्य सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
-डॉ. राजेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी