बाराबंकी के जनेस्मा काॅलेज में ढहे जीने का पड़ा मलबा।
- फोटो : अमर उजाला
जनेस्मा कॉलेज के भवन का जीना शुक्रवार को भर-भराकर ढह गया। गनीमत रही कि जीना ढहने के समय कॉलेज बंद हो गया था। शहर के जनेस्मा कॉलेज का भवन काफी पुराना है। 1937 का बना यह भवन कभी हबेला साहब का हुआ करता है।
मगर, बाद में इसमें कॉलेज संचालित हो गया। इस भवन में प्राचार्य का कार्यालय, स्टाफ रूम व परीक्षा विभाग का गोपनीय कार्यालय व अन्य कार्यालय के कामकाज संचालित हो रहे हैं। इतना ही नहीं, दूसरी मंजिल पर इग्नू की क्लासें भी चलती है जिसमें पढ़ने वाले छात्र व शिक्षक इसी जीने के सहारे ऊपर जाते थे।
बताते हैं कि वर्ष 2008 में कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य आरडी यादव ने इस भवन का तकनीकी परीक्षण करवाया था जिसमें यह भवन निष्प्रोज्य घोषित किया गया था। मगर, एक दशक बीतने को है, इस निष्प्रोज्य भवन का पूरी तरह से प्रयोग किया जा रहा है। जिससे कभी भी कोई हादसा होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।