बाराबंकी। कई अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर नियुक्ति पत्र जारी किए जाने की शिकायत डीएम से करते हुए इसकी जांच कराए जाने की मांग की थी। डीएम के निर्देश पर ऑगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया में लगे गड़बड़ी के आरोपों की जांच शुरू की गई है।
जिले में आंगनबाड़ी के 349 पदों पर रिक्त थे, इन पर हाल ही में भर्ती की प्रक्रिया को पूरी करते हुए नियुक्ति पत्रों का वितरण भी कर दिया गया। जिला विकास अधिकारी व प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी भूृषण कुमार का कहना है कि ऑगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया जारी शासनादेश के अनुरूप की गई है। इसके बावजूद कुछ अभ्यर्थियों द्वारा भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की दर्ज कराई गई शिकायत के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर इनकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
आय प्रमाण पत्र की हो जांच
त्रिवेदीगंज की ग्राम पंचायत तेजवापुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद के लिए नीतू पत्नी अजीत ने भी आवेदन किया था। इनका आरोप है कि वह गरीब है और अन्त्योदय कार्डधारक है। इसके बाद भी उसका चयन न करके दूसरे का चयन हो गया। आरोप है कि चयनित का आय प्रमाण पत्र भी फर्जी है।
सबसे ज्यादा अंक फिर भी नहीं हुआ चयन
रामनगर के बिछलखा निवासी स्व. विशेषर की पुत्री सुलेखा का आरोप कि ऑगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई। बताया कि मेरिट में सबसे ज्यादा अंक और पहले स्थान पर नाम होने के बाद भी उसका चयन न करके किसी अन्य का चयन किया गया है।
चयन प्रक्रिया में हुई मनमानी बड़ेल की राधा जायसवाल और दलसरायं की आस्था जायसवाल ने भी चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए शिकायत की कि भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर अपात्रों का चयन किया गया है।