बाराबंकी में दो वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में नौ लोग घायल हो गए। इनमें से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद एक किमी लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया।
यूपी के बाराबंकी में शनिवार की दोपहर बाराबंकी-बहराइच राजमार्ग पर स्कॉर्पियो और डिजायर कार में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में नौ लोग घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने गाड़ियों को किनारे करवाकर यातायात बहाल कराया।
विज्ञापन
हादसा रामनगर थाना क्षेत्र के कटियारा गांव के पास हुआ। मूल रूप से गोंडा जिले के रेलवे कॉलोनी निवासी आठ लोग स्कॉर्पियो से लखनऊ जा रहे थे। कटियारा गांव के पास सेंट्रल बैंक के निकट सामने से आ रही डिजायर कार से उसकी टक्कर हो गई। इससे दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार चालक इमरान, माड़ेंद्र (52), सावित्री (45), छाया (32), पप्पू (35), सपना (9), अद्विका (6), राघव (4) और अली घायल हो गए। वहीं डिजायर कार सवार कानपुर जिले के पनकी निवासी सर्वेश (40), शुक्लागंज निवासी ललित वर्मा (35) और उन्नाव जिले के दही थाना क्षेत्र के शिवनगर निवासी रामबाबू (52) भी घायल हो गए।
चार लोगों को रेफर किया गया
घायलों में सावित्री, पप्पू, सर्वेश और ललित की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल हो सका।