दरोगा पर हुए हमले के बाद उन्हें उठाते उनके साथी।
- फोटो : अमर उजाला
बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के हेतमापुर मेले में कुर्सियां टूटने को लेकर हो रहे विवाद की सूचना पर पहुंचे दरोगा को टेंट व्यावसायी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोहे की पाइप से पीट दिया। इस दौरान लोग वीडियो बनाते रहे। पिटाई होने से दरोगा लहूलुहान हो गया। पुलिस ने नौ के खिलाफ केस दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी पर पहले से दो मुकदमे हैं। वह फरार है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के हेतमापुर गांव स्थित बाबा नारायण दास की समाधि पर तीन दिवसीय विशाल मेले में भारी भीड़ होती है। मेले के तीसरे दिन बुधवार सुबह दुकान लगाने वाला सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा निवासी दुकानदार छोटेलाल वापस जा रहा था। उसने हेतमापुर गांव के टेंट व्यावसायी अनवर से किराए की कुर्सियां ली थीं। वापस करने पर दो कुर्सियां टूटी होने की बात पर दुकानदार व अनवर में विवाद होने लगा। छोटेलाल ने इसकी सूचना लालपुर पुलिस चौकी पर दी।
ये भी पढ़ें - सहारा श्री का अंतिम संस्कार, पोते हिमांक राय ने दी मुखाग्नि, मौजूद रहीं बड़ी हस्तियां
ये भी पढ़ें - सुब्रत राय के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं उनके करीब रहीं फिल्म व राजनीतिक हस्तियां, तस्वीरें
इस पर दरोगा राजाराम मौके पर पहुंच गए। दरोगा व अनवर के बीच कहासुनी हो ही रही थी कि अचानक अनवर व उसके परिवार के लोगों ने दरोगा पर हमला बोल दिया। टेंट में प्रयोग होने वाले लोहे की पाइप से दरोगा को पीटा गया। वह लहूलुहान होने के बाद बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी भी दहशत में दिखे। दरोगा को सीएचसी सूरतगंज में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद थाने पर भेज दिया गया।
दोपहर में दरोगा राजाराम की तहरीर पर अनवर अली, उसकी पत्नी सम्मो उर्फ हसीना, रूमी व बेटे छोटू, शानू, बेटी रूबी और बहन जाकिरा, दामाद वकील व उसकी पत्नी सूबी सहित नौ लोगों खिलाफ हत्या का प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सम्मो, वकील व जाकिरा को गिरफ्तार किया है। एसएचओ विनोद कुमार यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी पर आर्म एक्ट व धोखाधड़ी के दो केस पहले से दर्ज हैं। उसके साथ बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।