बाराबंकी। जिला हॉकी लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबले में गांधी क्लब ने स्टेडियम ट्रेनीज को 1-0 से हरा दिया। गांधी क्लब की ओर से इकलौता गोल अखलद की स्टिक से निकला।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए मैच के पहले हाफ में स्टेडियम ट्रेनीज ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद ही गांधी क्लब के खिलाड़ियों ने गेंद को अपने पास रखते हुए विपक्षी टीम को खूब छकाया। खेल के 11वें मिनट में गांधी क्लब के खिलाड़ी अखलद ने मैदानी गोल कर टीम का खाता खोला। स्टेडियम ट्रेनीज के खिलाड़ी गोल करने का प्रयास करते रहे, लेकिन कोई गोल न कर सके।
दूसरे हाफ में दोनों ही टीम ने गोल करने के खूब पसीना बहाया, लेकिन सफलता नहीं मलि सकी। दोनों टीम के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच के अंत तक गांधी क्लब ने 1-0 का स्कोर कायम रखा और जीत हासिल की। इस मौके पर हॉकी सचिव मजहर अजीज खान, उपाध्यक्ष मोहम्मद असलम, हॉकी कोच विवेक सिंह, चंदा रानी आदि मौजूद रहे।