बाराबंकी में मेंथा कारोबार से जुड़े कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और आवासों पर आयकर विभाग की चार टीमों की जांच दूसरे दिन भी जारी रही। कार्रवाई के कारणों और जांच में मिले दस्तावेजों को लेकर विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
बाराबंकी में मेंथा कारोबार से जुड़े कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और आवासों पर आयकर विभाग की छापेमारी मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। सोमवार देर शाम आयकर विभाग की चार टीमें अचानक जिले में पहुंचीं और अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों तथा कारोबारी गतिविधियों की जांच शुरू की। मंगलवार को भी टीमें जांच में जुटी रहीं।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय के चंदौली स्थित हरबोकेम इंडस्ट्रीज के मालिक आशीष गुप्ता और अखिलेश गुप्ता के प्रतिष्ठानों पर जांच की गई। इसके अलावा फतेहपुर के पर्श ट्रेडर्स के मालिक सचिन जैन और सूरतगंज के उमाशंकर एंड संस के मालिक गिरजा शंकर हयारण तथा उनके पुत्र शेखर हयारण और अमन हयारण से जुड़े प्रतिष्ठानों पर भी आयकर विभाग की टीमों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
विज्ञापन
मसौली में पप्पू प्रधान के प्रतिष्ठान और आवास पर भी टीमों की जांच की सूचना है। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीमें कारोबारी दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई असिस्टेंट ऑफिसर गंभीर सिंह के नेतृत्व में किए जाने की बात कही जा रही है।
हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अब तक इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। छापेमारी किस आधार पर की गई और जांच के दौरान क्या मिला, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। फिलहाल दूसरे दिन भी जारी जांच के बीच कारोबारियों और स्थानीय लोगों की नजर आयकर विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी है।