बाराबंकी में चार साल की मासूम बच्ची के साथ स्कूल में अमानवीय व्यवहार की घटना में पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर पीड़ित मां ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्रधानाचार्य और पांच शिक्षकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यूपी में बाराबंकी के फतेहपुर इलाके में चार साल की बच्ची के साथ स्कूल में गलत हरकत करने के आरोप में प्रधानाचार्य समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बच्ची की मां की अर्जी पर न्यायालय के आदेश के बाद सोमवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
बच्ची की मां के मुताबिक, बीती पांच अगस्त को बच्ची स्कूल से घर लौटी तो उसके कपड़ों पर खून लगा था। चिकित्सकीय जांच में बच्ची के निजी अंग में सूजन और चोट की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।
आरोप है कि शिकायत करने पर प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने महिला व उसके पति के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने साक्ष्य मिटाने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस पर पहले शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।