बाराबंकी। राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने पहले की सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि पहले जाति धर्म देखकर नौकरियां दी जाती थी लेकिन भाजपा सरकार में ऐसा नहीं हो रहा है। यहां सभी वर्ग के लोग एक सामान हैं और हर वर्ग के लोगों को बिना भेदभाव के नौकरी दी जा रही है। यह बातें उन्होंने बुधवार को प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर डीआरडीओ सभागार में पत्रकारों से बातचीत में कही।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं लेकिन विपक्ष को यह नहीं दिख रहा है। घरेलू गैस सिलिंडर का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक एजेंसियों पर उपलब्ध है लेकिन विपक्ष गैस की कमी का राग अलाप रहा है। कहा कि यूपीए सरकार के समय केवल 15 दिनों का स्टॉक रहता था, जबकि वर्तमान सरकार के पास दो माह का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि जहां कहीं भी कालाबाजारी की शिकायत मिलती है, वहां सख्त कार्रवाई की जा रही है और एफआईआर भी दर्ज कराई जा रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, डीडीओ भूषण कुमार, पीडी राकेश सिंह मौजूद रहे।