बाराबंकी। पांच माह पहले हुई एक युवक की हत्या मामले का खुलासा करने का दावा हैदरगढ़ पुलिस ने किया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग ही मुख्य कारण बताया गया है।
एसपी यमुना प्रसाद ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में बताया कि 16 सितंबर 2020 को पीपा पुल बेहटा घाट थाना असंद्रा इलाके में नाले में एक शव पड़ा मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान पवन कुमार निवासी ताला रूकनूद्दीनपुर थाना सुबेहा के रूप में की थी। इसके बाद मृतक के भाई लवलेश बहादुर सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ बबलू सिंह को टीकाराम मंदिर के पास से व मृतक पवन की पत्नी शिम्मी उर्फ निशा को ग्राम अलमापुर से गिरफ्तार किया है।
एसपी ने बताया कि आरोपी अजय प्रताप सिंह से गहन पूछताछ की गई। उसने घटना के बारे में बताया कि अपनी बहन की जेठानी की लड़की निशा से उसका अवैध संबंध था। निशा की शादी वर्ष 2012 में अपने ही गांव के पवन कुमार से कराई थी। इस शादी के कुछ दिन बाद ही पवन के घर में बंटवारा हो गया। घर में बंटवारा हो जाने के कारण पैसे की परेशानी होने पर पवन ड्राइवरी करने लगा। उसने निशा को सोने की झुमकी व झाला दिया था जिसे पवन ने गिरवी रख दिया और पैसा शराब पीने में खर्च दिया। इससे बहुत गुस्सा आया। इस पर निशा से कहा कि पवन को मार डालूंगा।
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में आगे बताया कि इसके बाद निशा के साथ मिलकर उसने एक प्लान बनाया। घटना के एक दिन पहले पवन से कहा कि बहुत अच्छी शराब लाया हूं, तुमको कल पिलाऊंगा लेकिन शर्त ये रहेगी कि तुम अपनी पत्नी से बताना कि प्रधान दीपू के साथ दावत में जा रहे हो।
आरोपी अजय प्रताप सिंह ने आगे बताया कि प्लान के अनुसार पवन करीब नौ बजे उसके घर पहुंचा। फिर दोनों टीकाराम बाबा के पास वाले तिराहे पर गये। अजय ने पवन को पहले दो बोतल देशी शराब पिलाई और जब पवन काफी नशे में हो गया तो उसे धक्का देकर गिरा दिया और अचेत अवस्था में ले जाकर पवन को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।