सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। विकास खंड सिरौलीगौसपुर में बृहस्पतिवार को विभागीय समीक्षा बैठक में बीडीओ की डांट से आहत एक महिला ग्राम रोजगार सेवक बेहोश होकर गिर गई। उसे इलाज के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
विकास खंड सिरौलीगौसपुर सभागार में बीडीओ अदिति श्रीवास्तव की मौजूदगी में ग्राम रोजगार सेवक, पंचायत सचिव एवं मनरेगा कार्मिकों की बैठक चल रही थी। बघौरा की ग्राम रोजगार सेवक रेखा मौर्य को जब विकास कार्यों में बरती जा रही लापरवाही पर डांट लगाई गई। बताया जा रहा है कि इससे आहत रोजगार सेवक सभागार के बाहर निकलते ही गिरकर बेहोश हो गई।
मौके पर मौजूद उनके पति सौरभ कुमार ने ग्राम रोजगार सेवक प्रेम लता वर्मा के सहयोग से संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। रोजगार सेवक के मुताबिक कच्चे पक्के कार्यों की फाइलें बीडीओ के पोर्टल पर संस्तुति के लिए पड़ी हैं। संस्तुति न होने से काम नहीं हो पा रहा है। ग्राम रोजगार सेवक संगठन के जिलाध्यक्ष आकाश त्रिपाठी ने बताया कि जब तक बीडीओ अपने व्यवहार में बदलाव नहीं करती हैं, तब तक कोई भी ग्राम रोजगार सेवक बैठक में हिस्सेदारी नहीं करेगा। इस संबंध में बीडीओ अदिति श्रीवास्तव ने बताया कि उसे सिर्फ कार्यों में लापरवाही पर डांटा गया था। कोई उत्पीड़न नहीं किया गया था।