बाराबंकी। सीएमओ डाॅ. रंजन गौतम ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अधीक्षकों को सख्त चेतावनी जारी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी अस्पताल का संचालन बेसमेंट में नहीं किया जाएगा। ऐसा होता मिला तो संबंधित अधीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने उन अधीक्षकों पर विशेष रूप से निशाना साधा है, जिन्होंने अभी तक अपनी जांच रिपोर्ट जमा नहीं की है। जिले में कुल 21 सीएचसी हैं लेकिन अब तक केवल छह अधीक्षकों ने ही अपनी रिपोर्ट सौंपी है। इस लापरवाही पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने सभी अधीक्षकों को जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।
सीएमओ ने कहा कि बेसमेंट में अस्पताल चलाने से मरीजों और कर्मचारियों दोनों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। आग लगने या अन्य आपातकालीन स्थितियों में बेसमेंट से निकलना मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि सभी सीएचसी अधीक्षकों को पहले ही इस संबंध में निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अधिकांश अधीक्षकों ने निर्देशों का पालन नहीं किया है। रिपोर्ट में देरी से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्वास्थ्य सुरक्षा मानकों का पालन
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसमें अग्नि सुरक्षा, वेंटिलेशन और आपातकालीन निकास शामिल हैं। बेसमेंट में अस्पताल चलाने से इन मानकों का उल्लंघन होता है। सीएमओ ने कहा कि जो अस्पताल इन नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।