सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बृहस्पतिवार को सीएचसी सिरौलीगौसपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कोई भी चिकित्सक मौके पर उपस्थित नहीं था। जिस पर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाब तलब किया है। वहीं एएनएम व सीएचओ द्वारा रोस्टर न बनाये जाने पर भी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने बीपीएम संजीव कुमार को फटकार लगाते हुए पूछा कि किसके आदेश से समस्त एएनएम को सीएचसी पर बुलाया गया है। जिस पर बीपीएम कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। वहीं रामपुर कटरा की एएनएम मंजू देवी उपस्थित पंजिका में हस्ताक्षर करने के उपरांत बैठक में अनुपस्थित थीं।
मीटिंग में उपस्थित समस्त सीएचओ से पूछा गया कि आप द्वारा आज क्या-क्या कार्य सम्पादित किया गया है तो किसी भी सीएचओ द्वारा कार्य के संबंध में उचित उत्तर नहीं दिया जा सका। आईएमआई व आरसीएच पोर्टल पर फीडिंग का कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। उपस्थित पंजिका का अवलोकन करने पर चिकित्सक डॉ. रामानुज कनौजिया, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. अफजल हामिनी, डॉ. रश्मि सिंह अनुपस्थित पाई गईं।
जिस पर सीएमओ ने सभी से जवाब तलब करते हुए अग्रिम आदेशों तक सभी का वेतन रोक दिया है। सीएचसी टिकैतनगर का निरीक्षण करते हुए पाया गया कि स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राघवेंद्र कुमार वर्मा, महिला चिकित्सक निधि गुप्ता, डॉ. राजशेखर तिवारी अनुपस्थित पाए गए। फीडिंग का कार्य भी संतोषजनक नहीं पाया गया। जिस पर सभी से जवाब तलब किया गया है।