फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो निजी अस्पताल सील, डॉक्टर समेत 75 क्वारंटीन

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। जिले में शनिवार देर रात कोरोना के नौ और पॉजिटिव मामले मिलने के बाद शहर व त्रिवेदीगंज के दो अस्पतालों को प्रशासन ने सील करा दिया है। डॉक्टर, कर्मचारियों के साथ 75 लोग क्वारंटीन कराए गए हैं। शहर के अस्पताल में काम करने वाला एक युवक संक्रमित पाया गया तो संक्रमित मिले दूसरे युवक की पत्नी त्रिवेदीगंज के निजी अस्पताल में भर्ती थी। प्रशासन ने शनिवार रात संक्रमित मिले सभी नौ लोगों के निवास क्षेत्र को सील कर आवागमन पूरी तरह से रोक दिया है। जिले के त्रिवेदीगंज क्षेत्र में सबसे ज्यादा केस मिलने के बाद रविवार को डीएम व एसपी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
विज्ञापन

शनिवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए गए नौ लोगों में शामिल एक युवक शहर का रहने वाला है। यह युवक सतरिख नाका स्थित एक नर्सिंग होम में कार्य करता था। युवक के पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ नर्सिंग होम को सील करा दिया गया है। उसके डॉक्टर व कर्मचारियों के साथ उनके परिवार के 14 लोगों को अस्पताल और घर में क्वारंटीन कराया गया है। एसडीएम सदर अभय पांडेय ने बताया कि निजी अस्पताल और मोहल्ले को सील कराते हुए आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी शुरू कराने की तैयारियां चल रही हैं।
जिले के त्रिवेदीगंज क्षेत्र में सुल्तानपुर हाईवे किनारे स्थित एक निजी अस्पताल को प्रशासन ने रविवार को सील कर दिया है। इस अस्पताल में कोरोना संक्रमित मिले एक युवक की पत्नी भर्ती थी। इस जानकारी के बाद प्रशासन ने अस्पताल को सील कर सैनिटाइजेशन शुरू कराया है। डॉक्टर, कर्मचारियों समेत 16 लोगों को अस्पताल में क्वारंटीन कराया गया है। मालूम हो कि त्रिवेदीगंज क्षेत्र में महिला समेत चार लोग शनिवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनके परिवार के 30 लोगों को होम क्वारंटीन कराते हुए गांव की सीमाओं को सील कराया गया है। वहीं हैदरगढ़ कस्बे के एक मोहल्ले और एक गांव के युवक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद परिवार के 15 लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया है। ये दोनों युवक तीन जून को मुंबई से वापस आए थे। एसडीएम के आदेश पर गांव और वार्ड की सीमाओं को सील कराया गया है। हैदरगढ़ एसडीएम योगेन्द्र कुमार ने बताया कि गांवों की सीमाओं को सील कराने के साथ ही होम डिलीवरी की प्रक्रिया को शुरू कराया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें