शहर में फैली गंदगी व सप्लाई किए जा रहे दूषित पानी से संक्रामक बीमारियां फैलने लगी है। शहर में कई ऐसे मोहल्ले है जहां पर दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। यहां के रहने वालों ने कई बार इसकी शिकायत भी की लेकिन कुछ नहीं हुआ। दूसरी तरफ नगर पालिका के अधिकारी शहर में बेहतर व क्लोरीन युक्त पानी सप्लाई का दावा कर रहे हैं।
बरसात के मौसम में संक्रामक बीमारियां हर जगह कहर बरपा रही है। शहर में भी ज्यादातर जगहों पर गंदगी का अंबार लगा रहता है जिसके चलते कई तरह की बीमारियां फैलने की आशंका है। इसके अलावा नगर पालिका द्वारा शहर के मोहल्लों में आपूर्ति किए जाने वाला पानी भी दूषित है जो बीमारी फैलने की वजह माना जाता है।
तमाम प्रयास के बाद भी नगर पालिका प्रशासन शहर के मोहल्लों में स्वच्छ जलापूर्ति नहीं करा पा रहा है। कई मोहल्लोें में आज भी दूषित पानी ही लोगों के यहां पहुंच रहा है। शहर वासियों की शिकायत के बाद भी इसमें सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।
इन मोहल्लों में पहुंच रहा गंदा पानी
शहर के देवा मार्ग स्थित शुक्ला कालोनी में बीते छह माह से भी अधिक समय से दर्जनों घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। यहां सप्लाई होने वाली पानी इंतना बदबूदार व गंदा होता है कि लोग इसे किसी काम के लिए इस्तेमाल नहीं करते है। इसी का नतीजा है कि आए दिन इस क्षेत्र के लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आते रहते है।
यहां के निवासी एडवोकेट श्रीकांत शुक्ला, पिंकी मिश्रा, निधि पांडेय, विक्रम पासवान, रामराज, राकेश कुमार, अशोक आदि का कहना है कि इस बारे में कई बार शिकायत की है। वहीं अभय नगर, दुर्गापुरी, पीरबटावन, कटरा आदि मोहल्लों में भी लगातार दूषित जलापूर्ति की शिकायत आती रहती है।
शहर की सभी पानी की टंकियों में आटोमेटिक प्लांट लगा है। इस प्लांट के माध्यम से प्रतिदिन पानी की जांच करने के बाद ही सप्लाई होती है। पानी मेें क्लोरीन मिलाकर ही टंकी से सप्लाई किया जाता है। लगातार टंकियों की सफाई भी होती है। शहर में स्वच्छ व बेहतर जलापूर्ति के साथ ही साफ सफाई के भी उचित इंतजाम किए गए हैं। -एसके सिंह, ईओ नगर पालिका