बाराबंकी। तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों की टक्कर से दो परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए। जैदपुर में घर के बाहर साइकिल खेल रहे 12 वर्षीय किशोर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जबकि देवा में घरेलू सामान लेने निकले बुजुर्ग को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। दोनों की मौत हो गई। एक अन्य हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जैदपुर। सिद्धौर की ओर से जैदपुर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मंगलवार रात भिटौरा लखन गांव में घर के बाहर खेल रहे अर्पित (12) पुत्र अंकित कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम मच गया। अर्पित दो भाइयों में बड़ा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीओ संगम कुमार के मुताबिक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिलने के कारण अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
देवा। कायमपुर निवासी कीढ़ी लाल मंगलवार को घरेलू सामान लेने निकले थे। देवा-कुर्सी मार्ग पर हाजी काजीपुर गांव के पास बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कीढ़ी लाल को सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। हालांकि, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुत्र रामू की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
चौकी के सामने दो बाइकों में भिड़ंत, युवक गंभीर
त्रिलोकपुर। रानीबाजार संपर्क मार्ग पर पुलिस चौकी के सामने बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में त्रिलोकपुर निवासी रामपाल का पुत्र शंकर (32) गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसके साथ बाइक पर बैठे कुरथरा निवासी नंदू को हल्की चोटें आईं। दोनों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया गया। शंकर के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने के साथ सीने में भी तेज दर्द था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।