कोटवाधाम विद्यापीठ इंटर कॉलेज में प्री बोर्ड परीक्षा देते परीक्षार्थी व सतरीख स्थित जीआईसी में
बाराबंकी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं सोमवार से जिले भर में शुरू हो गईं। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेंगी। 78,808 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षा से पहले सोमवार को जिले के जीआईसी, जीजीआईसी, जीजीआईसी सतरिख, विद्यापीठ इंटर कॉलेज सहित कुल 327 विद्यालयों में परीक्षा शुरू हुई। कोटवाधाम विद्यापीठ इंटर कॉलेज में कक्षा 10 और 12 के कुल 565 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। शहर स्थित जीजीआईसी में 816 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। दरियाबाद के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 715 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। मसौली स्थित रफी मोहम्मद बालिका व बालक विद्यालय से 659 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने सोमवार को पांच विद्यालयों में चल रही प्री-बोर्ड परीक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर स्थित डीएवी राजकीय इंटर कॉलेज, बरौली जाटा, जीआईसी सतरिख और शहीद भगत सिंह स्मारक इंटर कॉलेज का जायजा लिया।
परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में बोर्ड के निर्धारित मानकों के अनुसार कराई गई। परीक्षार्थियों को अलग-अलग कमरों में बैठाकर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा के दौरान सभी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी और मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहा।
कोटवाधाम विद्यापीठ इंटर कॉलेज में प्री बोर्ड परीक्षा देते परीक्षार्थी व सतरीख स्थित जीआईसी में