बाराबंकी। गुजरात के अहमदाबाद में फंसे 1299 कामगारों को लेकर एक स्पेशल ट्रेन मंगलवार को शहर के रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन में बाराबंकी के साथ अन्य जिलों के लोग भी सवार थे। स्टेशन पर राजस्व विभाग की टीमों ने सभी का ब्योरा दर्ज किया और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने थर्मल स्क्रीनिंग की। इसके बाद दूसरे जनपद के रहने वालों को बसों के जरिए रवाना किया गया। उन्हें खाने के साथ पेयजल आदि का इंतजाम किया गया।
कामगारों को लेकर अहमदाबाद से चली स्पेशल ट्रेन मंगलवार दोपहर बाद सवा तीन बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंची। श्रमिक स्पेशल में 1299 लोग सवार थे। इनमें जिले के रामसनेहीघाट, हैदरगढ़, फतेहपुर, रामनगर, सिरौलीगौसपुर और सदर तहसील क्षेत्र के 162 लोग शामिल हैं। उधर जिले के 42 लोग बसों से लाटे हैं। ट्रेन से आए 1137 श्रमिक एटा, इटावा, कानपुर, उन्नाव, झांसी, बांदा, महोबा, हमीरपुर, कानपुर देहात, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, मिर्जापुर आदि जिले के थे।
ट्रेन से आने वाले लोगों के पंजीकरण व जांच के लिए स्टेशन पर छह काउंटर बनाए गए थे जिन पर राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौजूद थीं। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। जांच के बाद उन्हें बसों के माध्यम से संबंधित जिलों को रवाना किया गया। एसडीएम सदर अभय पांडेय के मुताबिक स्पेशल ट्रेन से 1299 श्रमिक आए थे जिन्हें बसों के जरिए उनके जिलों को भेजा गया है। इस मौके पर फतेहपुर व रामनगर के एसडीएम, सीओ, स्टेशन मास्टर, चिकित्सक मौजूद थे।