बाराबंकी। अगर आप 29 से 31 अक्तूबर तक लखनऊ-अयोध्या व बाराबंकी-बहराइच हाईवे से सफर करने जा रहे हैं तो यह जान लें कि मार्ग परिवर्तित रहेगा। रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम की वजह से यह परिवर्तन किया गया है। मालवाहक, भारी वाहन, ट्रक, डीसीएम व ट्रैक्टर पर अयोध्या की ओर जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
अधिकारियों के अनुसार 29 अक्तूबर की देर रात से 31 अक्तूबर की दोपहर तक लखनऊ की ओर से अयोध्या होकर गोरखपुर-बस्ती की ओर जाने वाले वाहनों को बाराबंकी से ही जरवल रोड, गोंडा, मनकापुर, हरैया, बस्ती, गोरखपुर की ओर डायर्वट किया जाएगा।
गोंडा-बलरामपुर की ओर से अयोध्या होकर बाराबंकी की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को करनैलगंज, जरवल रोड व रामनगर चौराहा होते हुए बाराबंकी की ओर भेजा जाएगा। जनपद बहराइच की ओर से बाराबंकी की तरफ आने वाले भारी वाहन टिकोरा मोड़ से चहलारी पुल से रेउसा से बिसवां, सिधौली या खैराबाद होकर गंतव्य को जाएंगे।
रामनगर में मरकामऊ का पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों का गुजरना प्रतिबंधित कर दिया गया है। सीओ सिटी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि डायवर्जन की तैयारी की जा रही है।