रामनगर। बिलखिया गांव में एक युवक के डेंगू पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव के निर्देश पर टीम ने नहारवल और बिलखिया उपकेंद्रों पर शिविर लगाकर करीब 60 ग्रामीणों की जांच की। इनमें 34 लोगों की मलेरिया, टाइफाइड और डेंगू की जांच की गई। ग्रामीणों को रोग से बचाव के उपाय बताए गए।
स्वास्थ्य टीम ने गांव में जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया और संक्रमण से बचाव के लिए ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल किया। ग्रामीणों से कूलर, गमले, पुराने बर्तन और टायर समेत अन्य वस्तुओं में पानी जमा न होने देने की अपील की गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि जमा पानी में डेंगू मच्छरों के लार्वा पनपते हैं। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में डेंगू के प्रसार पर रोक लगाना है।