फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: आंधी-पानी के साथ ओलावृष्टि से मची तबाही

Fri, 18 Apr 2025 01:31 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
टिकैतगंज-बाबागंज मार्ग पर पिडसावा चौराहे के समीप गिरा पेड़।  -संवाद
विज्ञापन
बाराबंकी। जिले में बृहस्पतिवार शाम एक बार फिर मौसम ने कहर ढाया। आंधी-पानी व बिजली गिरने से जहां पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं पेड़ों व बिजली के पोल गिरने से बिजली व यातायात बाधित हुई। गेहूं की कटाई-मंड़ाई प्रभावित हो गई है।
विज्ञापन


ओलावृष्टि से गेहूं, खरबूजा व तरबूज आदि की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। एक हफ्ता पहले आंधी-पानी से कटाई-मड़ाई प्रभावित हुई थी। फसल भीगने से गेहूं की चमक चली गई। सूखने के बाद किसानों ने गेहूं की कटाई-मड़ाई शुरू की थी, ऐसे में दोबारा आंधी-पानी के साथ ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ। खरबूजा व तरबूज ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त हो गए। डीएम ने फसलों के नुकसान का आकलन कराए जाने की बात कही है।

रामनगर क्षेत्र के अशोकपुर चांचू सराय गांव में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। किसान ओलावृष्टि से परेशान हो गए। सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में तेज आंधी आई और बारिश भी हुई। इससे खेतों में लगी व कटी पड़ी गेहूं की फसल भीग गई। फतेहपुर तहसील क्षेत्र में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश होने से गेहूं की कटी पड़ी फसल व तरबूज, खरबूजे की फसल को नुकसान पहुंचा है।
विज्ञापन



आंधी में उड़ी खेतों में कटी फसल
सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के डूडी व करोरा गांव में आंधी के दौरान खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल तेज हवा के चलते उड़ कर बिखर गई। खेतों में गेहूं की मड़ाई के बाद पड़ा भूसा हवा में उड़ गया। झगरू प्रसाद के घर पर रखा टिनशेड उड़कर उधौली-सिरौली मार्ग पर जा गिरा। तेज हवा के झोंके से सड़क के किनारे लगे पेड़ हाईटेंशन लाइन पर गिर गए। सआदतगंज व आसपास के गांवों में बृहस्पतिवार को खेतों में किसान गेहूं की कटाई मड़ाई कर रहे थे, तभी आंधी के साथ बारिश हुई। भूसा उड़ गया, गेहूं की फसल भीग गई। नगर पंचायत सिद्धौर के आसपास के गांवों में जमकर ओलावृष्टि हुई। इससे फसलों को नुकसान हुआ।


पेड़ गिरने से आवागमन बाधित
कोठी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज आंधी के चलते एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिरने से यातायात ठप हो गया। लंबा जाम लग गया। वन दरोगा सचिन पटेल अपनी टीम के साथ पहुंचे व ग्रामीणों के सहयोग से पेड़ कटवाकर रास्ता साफ कराया। अकोहरी गांव के पास भी एक अन्य पेड़ गिरने से रास्ता बाधित हुआ जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। टिकैतगंज-बाबागंज संपर्क मार्ग पर पिडसाव चौराहे के समीप अर्जुन के दो पेड़ गिर गए। इससे यातायात बाधित हो गया। ग्रामीण दिनेश कुमार ने बताया कि वनकर्मियों ने पेड़ को सड़क से हटाकर आवागमन बहाल कराया।


तेज आंधी में उड़ा महिला का आशियाना
दरियाबाद के उटवा गांव निवासी कुरेशा टिनशेड में अपना आशियाना बनाकर रहती थीं। आंधी में पूरा शेड उड़ गया। इससे कुरेशा का परिवार बेघर हो गया।


लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर लगा जाम
अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर सफदरगंज थाना क्षेत्र के बजहा गांव के पास यूकेलिप्टस का पेड़ गिर जाने के कारण यातायात बाधित हो गया। करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सफदरगंज थाने की पुलिस ने हाईवे से पेड़ हटवाकर यातायात बहाल कराया।


फसल के नुकसान के आकलन के लिए करें फोन
उपकृषि निदेशक श्रवण कुमार ने बताया कि आंधी, बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के आकलन के लिए टोल फ्री 14447 पर सूचना दें ताकि नुकसान का सर्वे कर फसल बीमा योजना का लाभ मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें