बाराबंकी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह से जुुड़ी महिलाओं ने पंचायत चुनाव में चारों पदों पर दमदार जीत हासिल कर अपने को लोहा मनवाया है। उनकी इस जीत से विभाग की योजनाओं के साथ गांव के विकास को भी धार मिलेगी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार विभिन्न समूहों की 19 महिलाओं ने जहां प्रधानी की सीट पर कब्जा जमाया है। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य की 26 तो जिला पंचायत की दो सीटों पर भी विजय हासिल की है। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य के रुप में चार सीटों पर गांव के विकास को गति देंगी। एनआरएलएम से जुड़ी इन महिलाओं की जीत का ब्योरा शासन को भी भेजा गया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में हुए मतदान के परिणाम आ चुके हैं। इस बार के चुनाव में नई आरक्षण नीति लागू होने के बाद कई नए लोगों को चुनाव लड़ने का मौका मिला था। इसमें स्वयं सहायता समूह से जुुड़ी महिलाएं भी शामिल रहीं हैं। पंचायत चुनाव में इस बार एक नहीं 47 स्वयं सहायता समूह की महिलाएं गांव की सरकार में जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी दोहरी जिम्मेदारी से काम को अंजाम देंगी। प्रधान के रूप में 19, बीडीसी के रुप में 26, डीडीसी के रुप में दो और सदस्य ग्राम पंचायत के रूप में चार सीटों पर चुन कर आईँ हैं। स्वयं सहायता समूह की इन महिलाओं पर मतदाताओं ने भरोसा जताकर गांव के विकास की कमान सौंपी है। इस जीत के बाद विभाग ने समूह की महिलाओं का पूरा ब्योरा तैयार कर शासन को भेजा है। (संवाद)
ब्लॉकवार पदों पर निर्वाचित समूह की महिलाएं
ब्लॉक-- प्रधान--बीडीसी, डीडीसी
रामनगर--04--04--0
बनीकोडर--01--01--0
सि.गौसपुर--02--01--0
हैदरगढ़--02--01--01
सूरतगंज--03--05--0
निंदूरा--01--01--01
हरख--02--05--0
त्रिवेदीगंज--0--02--0
देवा--0--01--0
सिद्धौर--0--01--0
बंकी--01--01-0
पूरेडलई--0--02--0
दरियाबाद--01--01-0
फतेहपुर--02--0--0
एनआरएलएम से जुड़ी महिलाओं ने पंचायत चुनाव में सफलता हासिल की है। अब यह महिलाएं अपने दोहरी जिम्मेदारी को पूरी ताकत, लगन व मेहनत से निभाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाएं।
-एकता सिंह, सीडीओ।