बाराबंकी। अनाज की ढुलाई में लगे वाहन चालकाें की मनमानी ठेकेदारों पर भारी पड़ रही है। निर्धारित मार्ग पर वाहन ले जाने के बजाए दूसरे मार्गों से वाहन ले जाने और करीब 445 कोटे की दुकानों तक अनाज पहुंचाने के बजाए दुकान से पहले ही अनाज उतार देने पर आठ ठेकेदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
अनाज उठान और वितरण की समीक्षा में सामने आया कि ठेकेदार और वाहन चालक पूरी तरह से मनमानी कर रहे हैं और तय नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। डीएसओ द्वारा कार्रवाई की संस्तुति करते हुए पत्र जिला खाद्य विपणन अधिकारी को भेजा गया था। जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि उठान में गड़बड़ी मिलने पर मेसर्स जय अंबे ट्रांसपोर्ट, मेसर्स आशा सिंह, मे. शारदा रोड लाइंस, मे. रामराज तिवारी, मे. वीना ट्रेडर्स, मे. सांई सर्विसेज, मे. बजरंग कांसट्रेक्शन मे. वीपी ट्रांसपोर्ट और मे. विशाल विक्रम सिंह को नोटिस जारी कर, जवाब मांगा गया है। साथ ही चेताया गया कि डोर स्टेप डिलवरी में लगे वाहन सिर्फ निर्धारित मार्ग से ही आवागमन करेंगे।