सफदरगंज (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र सफदरगंज के झलिहा गांव में एक युवती का शव फंदे से लटका मिला। परिजन भी इसे लेकर मौन साधे हैं। पुलिस प्रथमदृष्टया आत्महत्या बताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
पुलिस के अनुसार झलिहा गांव निवासी कमला प्रसाद ने सूचना दी कि शुक्रवार की शाम परिवार के सभी लोग खाना खा कर सो गए थे। शनिवार सुबह करीब छह बजे सो कर उठे तो देखा कि आंगन में लगे जाल में पुत्री कामिनी (29) का शव लटक रहा था।
सफदरगंज पुलिस ने परिजनों के बयान लेने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मिले मृतका के परिजनों ने कुछ भी बताने से परहेज किया। सफदरगंज के एसएचओ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पता लगा है कि युवती की मंशा थी कि कोई नौकरी करने के बाद ही शादी करेगी।