सतरिख (बाराबंकी)। खेत गई एक युवती का शव संदिग्ध हालात में बुधवार सुबह बाग में पेड़ से लटका मिला। बताते हैं कि युवती के दोनों पैर जमीन छू रहे थे।
इससे ग्रामीण आत्महत्या करने की बात पर संदेह जता रहे हैं। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला सतरिख थाना क्षेत्र के मंजीठा गांव का है।
गांव निवासी हरिहर वर्मा की पुत्री शिखा (20) मंगलवार शाम खेत गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
जिसके बाद बुधवार सुबह उसका शव गांव के बाहर एक बाग में दुपट्टे से बने फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। खबर पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। युवती के शव को फंदे से नीचे उतारा गया।
जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताते हैं कि युवती के दोनों पैर जमीन छू रहे थे। साथ ही युवती का शव जिस पेड़ की डाल से लटका मिला, वह काफी पतली थी और उसकी ऊंचाई भी अधिक थी। ऐसे में ग्रामीण अंदेशा जता रहे हैं कि युवती की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
हालांकि इसे लेकर कोई तहरीर नहीं दी गई है। उधर, परिवारीजनों ने बताया कि युवती कुछ माह से मानसिक रूप से परेशान थी। युवती का विवाह भी तय था। अगले माह 22 जनवरी को बरात आनी थी। विवाह से एक माह पहले ही हुई इस वारदात से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हैं।
प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज का कहना है कि युवती के भाई अंकित की ओर से सूचना मिली थी। अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।
सीओ सदर नवीन सिंह ने बताया कि युवती काफी समय से मानसिक रूप से परेशान थी। जिसके चलते उसने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।