- अमेठी से लखनऊ तक फैला था नेटवर्क, 1,495 लीटर डीजल बरामद, तीन गिरफ्तार
फोओ- 28 व 29
संवद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का लोनीकटरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1,495 लीटर डीजल, एक इनोवा कार, डीजल निकालने के उपकरण व तमंचा बरामद किया है। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बृहस्पतिवार शाम पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अमेठी जिले के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के पिंडौरा करनई गांव निवासी मो. शोहराब, लोनीकटरा के परीवा गांव निवासी सतीश कुमार व देवापुर गांव निवासी हरिओम को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका गिरोह अमेठी से लेकर लखनऊ तक हाईवे किनारे रात में खड़े होने वाले ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को निशाना बनाता था। एसपी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में इस गिरोह ने सैकड़ों ट्रकों से हजारों लीटर डीजल चोरी किया है। चोरी किया गया डीजल ये लोग औने-पौने दामों में ढाबों या खुले में डीजल बेचने वाले अवैध कारोबारियों को बेच देते थे। थानाध्यक्ष अभय मौर्य ने बताया कि केवल लोनीकटरा थाने में ही दो मामले दर्ज हैं। अन्य जनपदों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।
........................
कुछ ही मिनटों में टंकी खाली
गिरोह के सदस्य खास किस्म का टंकी खोलने वाला उपकरण साथ रखते थे। जैसे ही सुनसान स्थान पर ट्रक खड़ा मिलता, वे कुछ ही मिनटों में टंकी खोलकर पाइप के जरिए डीजल अपने कनस्तरों में खींच लेते थे।