बाराबंकी। गोंडा जिले के एक व्यक्ति से जमीन बेचने के नाम पर 26 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। शहर कोतवाली पुलिस ने कथित प्रापर्टी डीलर पर केस दर्ज किया है।
गोंडा के मनकापुर थाना क्षेत्र के पटेलनगर निवासी वृज विलास पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 2016 में मातेश्वरी इंफा को उसने बाराबंकी-फैजाबाद रोड पर तीन हजार वर्ग फीट जमीन बुक कराते हुए एडवांस के रूप में 12 लाख रुपये दिए और इसके बाद एक दूसरे प्लॉट को लेकर जनवरी 2017 में भी एडवांस में 14 लाख रुपये लिए थे। ये पैसे खुद को मालिक बताते हुए बाराबंकी के शुगर मिल कॉलोनी के आनंद सिंह ने लिए थे। आरोप है कि अब न जमीन दे रहे और न पैसे वापस कर रहे हैं। शहर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।