जिले में डेंगू का प्रकोप दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है। शनिवार को जैदपुर में एक ही परिवार के चार लोग डेंगू की चपेट में आने की खबर से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। पीड़ितों को आननफानन में उपचार के लिए सीएचसी जैदपुर में भर्ती कराया गया।
जिसमें से दो मरीजों में डेंगू की पुष्टि भी चिकित्सकों ने की है। वहीं दो अन्य की जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिल सकी है। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि इनके भी सारे लक्षण डेंगू के हैं। जिले में डेंगू से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 18 लोगों का जिले में या फिर लखनऊ में इलाज चल रहा है।
पिछले 25 दिन में जिले में अब तक 13 लोग डेंगू के कारण काल के गाल में समा चुके हैं। शनिवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों को डेंगू की सूचना से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को आधा दर्जन मरीज तेज बुखार आने की वजह से भर्ती हुए।
जिसमें कस्बे के मोहल्ला गढ़ीकदीम निवासी एक ही परिवार के चार लोगों को डेंगू है। जिसमें दानिश (16), उसकी बहन तरन्नुम (18), नाहिदा बानों (20) व आबिद रजा (45) शामिल हैं। शुक्रवार को सभी की जांच कराई गई। जिसमें से दानिश व तरन्नुम के ब्लड टेस्ट रिपोर्ट में आईजीएम पॉजीटिव मिलने पर डेंगू की पुष्टि होते ही उसका उपचार शुरू कर दिया।
गया वहीं नाहिदा बानों व आबिद रजा की जांच रिपोर्ट तो नहीं आई लेकिन चिकित्सकों का कहना है इन दोनों के भी सारे लक्षण डेंगू के हैं। दोनों के शरीर में लाल रंग के चकत्ते पड़े हैं और तेज बुखार आ रहा है। वहीं शरीर में ऐंठन को देखते हुए उपचार शुरू कर दिया गया है।
सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉक्टर निखिल यादव ने दोनों मरीजों में डेंगू की पुष्टि करते हुए कस्बे में अन्य मरीजों के उपचार के लिए डॉ. अवधेश मौर्या के नेतृत्व में टीम भेजा है। साथ ही कस्बे में जहां जलभराव की स्थित है वहां पर एलाइजा लार्वा नष्ट करने के लिए रसायन के छिड़काव कराए जाने को कहा है।
जिले में डेंगू के रोकथाम को पूरे इंतजाम किए गए हैं। जैदपुर में सीएचसी में भर्ती दो मरीजों को डेंगू की पुष्टि हुई है। उन पर लगातार नजर रखी जा रही है। बाकी दोनों की रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
-डॉ. डीआर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी