बाराबंकी। सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन एक बार फिर काल बनकर टूट रहे हैं। देवा, लोनीकटरा और फतेहपुर क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर हुए चार सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई है। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
लोनीकटरा थाना क्षेत्र के सरैंया डीह गांव के रमेश कुमार (40) व राहुल वर्मा (32) अपनी बाइक से घर आ रहे थे। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर दहिला देरी के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वे गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने रमेश को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राहुल को सीएचसी त्रिवेदीगंज से लखनऊ के केजीएमयू रेफर किया गया है। थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्य ने बताया कि वाहनों की तलाश की जा रही है।
वहीं, देवा कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर शाम किसान पथ पर सेहरा गांव के पास कुर्सी की ओर से आ रहा अमूल कंपनी का एक तेज रफ्तार दूध वाहन आगे चल रहे डंपर में टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूध वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। पुलिस ने चालक को निकालकर जिला अस्पताल भिजवाया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सीतापुर जिले के खैराबाद थाना क्षेत्र के रफातपुर गांव निवासी संदीप मिश्रा के पुत्र अजय मिश्रा (27) के रूप में हुई। बताया गया कि अजय अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
उधर, लोनीकटरा थाना क्षेत्र के शिवनाम गांव के राजकुमार सिंह (35) रविवार देर शाम बाइक से दहिला चौराहे की ओर जा रहे थे। दहिला पोखरा मार्ग पर गंगापुर गांव के पास सड़क पर अचानक वनरोज (नीलगाय) आ जाने से उनकी बाइक टकरा गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के केजीएमयू में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटा
फतेहपुर। कोतवाली फतेहपुर के साढ़ेमऊ बाजार के निकट सोमवार को एक ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में उस पर सवार सीतापुर के नूरपुर थाना महमूदाबाद निवासी इमामुद्दीन की पुत्री इनाया अंजुम (6) व पैतेपुर निवासी हाजिरा (45) घायल हो गईं। तीन अन्य सवारियां बाल बाल बच गईं।