जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय ट्रायल शुक्रवार को जेब्रा पार्क के फुटबॉल ग्र
बाराबंकी। जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय ट्रायल शुक्रवार को जेब्रा पार्क के फुटबॉल ग्राउंड में हुआ। इसमें पहुंचे 18 खिलाड़ियों में से 10 का जिला स्तर चयन किया गया। इसको लेकर सुबह से ही जेब्रा पार्क के ग्राउंड में खिलाड़ियों की चहल-पहल दिखी।
जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 खिलाड़ियों को शनिवार 25 जुलाई को अपराह्न 02:00 बजे से अयोध्या में आयोजित होने वाले मंडल स्तरीय ट्रायल में किस्मत आजमाने का मौका मिलेगा। इसके बाद मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी एक से आठ अगस्त तक मऊ में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करेंगे।
पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की कमान खेल प्रशिक्षक सज्जाद हुसैन को सौंपी गई है। इस चयन प्रक्रिया के जरिये जिले के गांव और कस्बों के होनहार खिलाड़ियों को सीधे राज्य स्तरीय मंच पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिल रहा है।
प्रतियोगिता में केवल वही खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं जिनकी जन्म तिथि एक जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के मध्य हो। अभ्यर्थियों के पास जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति और दो पासपोर्ट साइज फोटो होना अनिवार्य है।
वर्जन
निर्धारित मानकों के तहत पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा रही है। जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तर पर पहचान बनाने का यह बेहतरीन अवसर है।
-राकेश कुमार यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी