बाराबंकी। हैदरगढ़ तहसील क्षेत्र के स्कूल और कॉलेजों में मनमानी फीस और अभिभावकों के शोषण के विरोध में शुक्रवार को युवाओं ने बस स्टेशन पर प्रदर्शन किया। युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर तहसील कार्यालय तक विरोध रैली निकालने पर अड़े थे। बाद में उन्होंने उप जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार प्रियंका शुक्ला को सौंपा।
युवाओं ने सरकारी, सहायता प्राप्त विद्यालयों और इंटर कॉलेजों में शिक्षा व्यवस्था सुधार के लिए मूलभूत सुविधाओं की जांच और विकास कराने की मांग की। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और नामांकन के सत्यापन की मांग भी की गई।
इसके अलावा प्रयोगशाला, खेल सामग्री, कंप्यूटर शिक्षा, बेंच, डेस्क, बोर्ड सहित अन्य शिक्षण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। मध्याह्न भोजन व अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ की जांच और सुरक्षा के लिए बाउंड्री व अग्निशमन व्यवस्था के निरीक्षण की मांग भी की गई।
राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना और विद्यालयों में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग रखी। इस मौके पर तन्मय शुक्ला, विभोर गुप्ता, विवेक मिश्रा, धीरेंद्र सिंह, सोमिल शुक्ला, रजनीश शर्मा, आयुष त्रिवेदी, धीरू सिंह, अभय शुक्ला, अरविंद अवस्थी और अंकित अवस्थी मौजूद रहे। सपा नेता गौतम रावत भी धरना स्थल पर पहुंचे और युवाओं की मांग का समर्थन किया। हालांकि, उनके सत्ताधारी दल की आलोचना और सपा के बखान पर कुछ युवाओं ने विरोध दर्ज कराया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।