बाराबंकी। मिलावटखाेरी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए फूड सेफ्टी कनेक्ट एप लॉच किया गया है। इस एप की मदद से उपभोक्ता मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों की जानकारी फोटो के साथ दर्ज करा सकेंगे। एप पर दर्ज सूचना मिलते ही एफएसडीए की टीम तत्काल कार्रवाई कर मिलावटखोरी करने वालों की धरपकड़ कर अपनी रिपोर्ट डीएम को भेजेगी। शासन स्तर से जारी इस एप की जागरूकता के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग (एफएसडीए) जल्दी जागरूकता अभियान भी शुरू करेगा।
तमाम प्रयासों के बाद भी मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों पर रोक नहीं लग पा रही है। मुनाफाखोरी के लिए धंधेबाज दूध, खोवा से लेकर सब्जी मसाले, मिठाई, रिफाइंड, तेल व अन्य खाद्य सामग्री में सेहत के लिए हानिकारक स्तर पर मिलावट की जाती है। अपर जिलाधिकारी कोर्ट द्वारा मिलावट की पुष्टि पर लाखों रुपये का जुर्माना भी लगाया जाता है इसके बाद भी मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है।
मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए अब शासन ने फूड सेफ्टी कनेक्ट एप लॉच किया है। इसे उपभोक्ता मोबाइल पर डाउनलोड कर मिलावट करने वाले व मिलावटी सामग्री की बिक्री करने वालों की सूचना एप पर अपलोड कर सकेंगे। सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच कर इसकी जांच पड़ताल के बाद शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अपडेट भी करेगी। कार्रवाई की रिपोर्ट डीएम को भी प्रेषित होगी।
लाइसेंस के लिए नहीं लगाना पड़ेगी दौड़
व्यापारी या कारोबारी को लाइसेंस अथवा रजिस्ट्रेशन के लिए अब एफएसडीए कार्यालय तक की दौड़ लगाने की परेशानी भी नहीं उठाना पड़ेगी। लाइसेंस के लिए नए एप पर जाकर पूरी जानकारी भर कर सिर्फ विभागीय पोर्टल पर सब्मिट करना होगा। इसके बाद विभाग ऑन लाइन सत्यापन के लाइसेंस जारी करेगा।
मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए फूड सेफ्टी कनेक्ट एप को लॉच किया गया है। आमजन को इस एप के प्रति जागरूक बनाने के लिए जल्दी जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
शैलेंद्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य, एफएसडीए