घने कोहरे के चलते रविवार की सुबह व शाम को हुए अलग-अलग सड़क हादसों मेें एक बालिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी व जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पहला सड़क हादसा सफदरगंज थाना क्षेत्र में हुआ। जहां पर ग्राम रजुआपुर के जगदीश(45) पुत्र बद्री प्रसाद रविवार की सुबह मौलाबाद चौराहे पर टहलने निकला था। इसी दौरान सफदरगंज मार्ग पर मौलाबाद चौराहे पर बदोसरायं के तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी टक्कर इतनी तेज थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद भाग रही कार को सफदरगंज के पास पुलिस ने पकड़ा है जबकि उसका चालक भाग निकला है। पुलिस द्वारा मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। एसओ अशोक कुमार का कहना है कि जिस कार से यह हादसा हुआ है उसके चालक का पता लगाकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी। वहीं दूसरा हादसा रामनगर थाना क्षेत्र में शाम के समय हुआ।
यहां पर मंझौनी गांव के समीप दो बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार विश्राम (65) निवासी ग्रामा पिपरी की मौके पर ही मौत हो गई और इनके पोता दुर्गेश को गंभीर चोट पहुंची है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार हिमांशु निवासी गोंडा व नमन निवासी सिकोहना घायल हुए हैं। स्थानीय लोगोें व पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया है।
बताते है कि यह दोनों हादसे के समय बाइक पर हेलमेट पहने थे लेकिन इसके बावजूद चोटिल हुए हैं। वहीं रामनगर इलाके मेें ही बहराइच मार्ग पर महादेवा की ओर जा रहे एक तांगे में रोडवेज की एक बस ने टक्कर मार दी जिससे तांगा सवार शाबिर व शशीबाला घायल हो गई हैं। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
तीसरा हादसा बेलहरा क्षेत्र में छेदा पुलिस चौकी से थोड़ी दूरी पर बाजारपुरवा के पास रविवार की शाम को हुआ। जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर एक आठ वर्षीय बालिका की मौत हो गई। सीतापुर जनपद के रामपुर मथुरा निवासी जावेद अपनी आठ वर्षीय पुत्री आयशा के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के छेदा गांव निवासी मो. निसार के यहां आए थे।
रविवार की शाम को वह बाइक से पुत्री के साथ लौट रहे थे। रामपुर मथुरा -बेलहरा मार्ग पर छेदा पुलिस चौकी से थोड़ी दूरी पर बाजारपुरवा के पास ही रामपुर मथुरा की ओर से गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी। जावेद ने जैसे ही बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली के बगल से निकाली। पीछे बैठी आयशा बाइक से गिर पड़ी और ट्रॉली की पहिया के नीचे आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। लोगों की भीड़ वहां पर जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाना में खड़ा किया गया है।