बाराबंकी। सरयू नदी का जलस्तर घटने के साथ ही कटान तेज हो गई है। चार गांवों के छह मकान नदी की धारा में समा गए। जलस्तर में काफी गिरावट के बाद भी जलस्तर खतरे के निशान से 15 सेमी. ऊपर है।
कटान की चपेट में आए मकान गोबरहा, भयरवकोल, तेलवारी व करोनी गांव के हैं। मकानों के नदी में समाने से करीब 40 लोग बेघर हो गए है। करोनी गांव के अलकू, मिश्रीलाल, चन्दर, महेश आदि का कहना है कि नदी का जलस्तर कम होने के साथ कटान शुरु हो जाती है। इस बात से बाढ़ खंड के अधिकारी पूरी तरह से वाकिफ हैं। अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से मकान नदी की धारा में समा रहे हैं। कटान की सूचना पर बाढ़ खंड के जेई राहुल नारायण मौके पर पहुंचे। बताया कि रास्ता न होने की वजह से कटान को रोक पाना संभव नहीं दिख रहा है। प्रयास किए जा रहे हैं। उधर तेलवारी गांव का मार्ग नदी के बहाव में बह गया है। लोग नाव से गांव को आ जा रहे है। एसडीएम सिरौलीगौसपुर प्रतिपाल सिंह चौहान का कहना है कि सरयू नदी का पानी तेजी से घट रहा है लेकिन कई गांव अभी भी बाढ़ से प्रभावित है। चार गांवों के निकट कटान की सूचना बाढ़ खंड के अधिकारियों को दी गई है। कटान रोकने का प्रयास किया जाएगा।