सूरतगंज। मोहम्मदपुर खाला के रिछला गांव में मुख्य मार्ग पर करीब 11 दिनों से लटक रहे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आकर ट्रैक्टर से घर लौट रहे पांच लोग घायल हो गए। हादसा मंगलवार देर शाम हुआ। सभी घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया।
ग्रामीण राम आसरे, शिव मनोहर और शिव गोविंद ने बताया कि तार काफी नीचे लटक रहा था। विद्युत विभाग के अधिकारियों और जेई को कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या दूर नहीं की गई। मंगलवार को ट्रैक्टर गुजरने के दौरान संजय, निजामुद्दीन, संदीप, मनोज और हरीलाल तार की चपेट में आकर घायल हो गए। गनीमत रही कि उस समय तार में करंट नहीं था। सूचना पर थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
किसान नेता अजीत सिंह बब्बू ने जेई पर शिकायतों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने सभी लटकती विद्युत लाइनों को दुरुस्त कराने की मांग की है। जेई लाल जी ने जल्द लाइन ठीक कराने और लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की बात कही।